रुद्रप्रयाग। लोकसभा सामान्य निर्वाचन में नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पीठासीन अधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण संपन्न हो गया है। इस मौके पर अधिकारियों को ईवीएम, वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रथम चरण के प्रशिक्षण में 3 जोनल, 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 471 पीठासीन अधिकारियों को ईवीएम व वीवीपैट की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव को पारदर्शी, निष्पक्ष, निर्विघ्न व शांतिपूर्ण कराने के लिए सभी को आपसी समन्वय पर जोर दिया। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पांडे ने चुनाव कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप ही कार्य करने को कहा। सहायक नोडल अधिकारी प्रशिक्षण कपिल पांडे ने सभी कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया, ईवीएम, वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया। मास्टर ट्रेनर नितिन शर्मा, प्रशिक्षक बीएन पुरोहित ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट के बारे में बताया। इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरव कुमार, एसडीएम बृजेश तिवारी और एसडीएम मायादत्त जोशी आदि मौजूद थे।
858 कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
नई टिहरी। लोकसभा चुनाव के तहत मास्टर ट्रेनरों ने पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारियों को वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि किस तरह से तकनीकी ज्ञान से ईवीएम और कंट्रोल यूनिट का प्रयोग आसान बनाया जा सकता है। नगर पालिका सभागार में दूसरे दिन 858 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लें। यदि कोई तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतें आ रहीं हो तो मास्टर ट्रेनर से समस्या का हल समझें। नोडल अधिकारी ईई सतीश चंद्र नौटियाल ने बताया कि कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम प्रतापनगर अजयवीर सिंह, घनसाली फिंचारामम चौहान, डीडीओ आनंद सिंह, मास्टर ट्रेनर डा. चतर सिंह नेगी, दीपक रतूड़ी आदि मौजूद रहे।