रुद्रप्रयाग। बीएसएफ के हेड कांस्टेबल हर्ष सिंह नेगी (54) की पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गई। इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व अन्य लोग मौजूद थे।
अगस्त्यमुनि ब्लाक के धनपुर पट्टी के च्वींथ गांव निवासी हर्ष सिंह नेगी बीएसएफ की 25वीं बटालियन छावला कैंप नई दिल्ली में तैनात थे। यहां वह करीब चार माह से वह बीमार चल रहे थे। उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बीते शनिवार रात्रि को उनकी मौत हो गई। रविवार को बीएसएफ के अधिकारियों द्वारा पोस्टमार्टम व अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गई। इसके बाद सेना के वाहन से शव को पैतृक गांव लाया गया। सोमवार को प्रात: 8 बजे शव रुद्रप्रयाग पहुंचा। बीएसएफ के जवानों ने अपने साथी को अंतिम सलामी देते हुए श्रद्धांजलि दी। सैन्य सम्मान के साथ मंदाकिनी नदी के पैतृक घाट पर गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई।