दिनेशपुर में मोहल्ला स्वच्छता समिति के गठन सहित कई मांगो को लेकर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों की कामबंद हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इधर, सफाई कर्मियों के एक गुट ने हड़ताल से किनारा कर लिया है। वे नियमित रूप से काम कर रहे हैं। उधर, ईओ संजय कुमार ने कहा कि कर्मचारियों के हड़ताल से नगर की सफाई व्यवस्था पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।
आठ में से चार नियमित कर्मचारियों के साथ आउटसोर्सिंग के दो और ठेकेदार के दस सफाई कर्मी नियमित रूप से कार्य कर रहे है। स्वच्छता समिति के गठन के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित कर शहरी विकास मंत्रालय को भेजा जा चुका है, वहां से अनुमति मिलते ही समिति का गठन कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही वेतन के लिए राज्य के महालेखाकार को पत्र भेजा गया है। प्राधिकार पत्र मिलते ही कर्मचारियों के वेतन का भुगतान भी कर दिया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से हठधर्मिता छोड़ काम पर वापस लौटने की अपील की है। इधर, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भजनलाल ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी हड़ताल जारी रहेगी।