रुद्रपुर। नगर निगम क्षेत्र में सरकारी हैंडपंप पर कब्जा कर उसे खुर्दबुर्द करना और मोहल्ले वालों का पेयजल बंद करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हुई जांच में इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद नगर निगम के एई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहाड़गंज में नगर निगम ने लोगों को पेयजल की सुविधा के उपलब्ध कराने के लिए हैंडपंप लगाया गया था। कुछ समय पहले पहाड़गंज निवासी मोहब्बे अली ने हैंडपंप का ऊपरी हिस्सा निकाल लिया। उसने हैंडपंप में सबमर्सिबल पंप और पाइप डालकर उसका निजी प्रयोग शुरू कर दिया था। इसी बीच 21 मई को एक व्यक्ति ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कर दी। शिकायत के बाद 25 मई को नगर निगम के एई राजेंद्र प्रसाद ने मामले की जांच की तो मोहब्बे अली का हैंडपंप पर कब्जा पाया गया। इसके साथ ही मोहल्ले वालों को हैंडपंप का पानी नहीं मिल रहा था। जांच के बाद एई ने इस मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को सौंपी। कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहब्बे अली के खिलाफ सरकारी संपत्ति खुर्द-बुर्द करने और लोगों का पेयजल रोकने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।