रुद्रप्रयाग। जनपद में वर्षों से बंजर पड़ी भूमि को फिर से उर्वर बनाने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। पहले चरण में चिह्नित 17 गांवों में 71.64 हेक्टेयर बंजर भूमि पर मटर, बंदगोभी, ब्रॉकोली, कटहल, आम, लीची की खेती की जाएगी।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की पहल पर उद्यान और कृषि विभाग ने पहले चरण में 71.64 हेेक्टेयर बंजर भूमि को आबाद करने की योजना बनाई है। तीनों ब्लाकों में 10 हेक्टयेर भूमि में बीते वर्ष अक्तूबर-नवंबर में मटर बोई गई थी, जिसकी पहली खेप बाजारों में पहुंच चुकी है। जबकि 5 हेक्टयेर भूमि पर बंदगोभी और 1 हेक्टेयर भूमि पर ब्रॉकोली का उत्पादन हो रहा है। इसके अलावा मॉडल गांवों में 53.70 हेक्टेयर भूमि पर आम, कटहल, संतरा, कागजी नींबू, माल्टा और अनार के पौधों का रोपण किया जा चुका है, जिसमें 45 से 70 फीसदी पौधे सुरक्षित हैं। जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि पहले चरण में 71.64 हेक्टेयर बंजर भूमि पर साग-भाजी व फलदार पौधे रोपे गए हैं।