ऊखीमठ। मनणी बुग्याल में ठंड व कम ऑक्सीजन के कारण मृत पोर्टर तेजपाल सिंह नेगी का शव हेलीकॉप्टर से शेरसी हेलीपैड लाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। इधर, 25 सदस्यीय ट्रेकिंग दल भी देर शाम रांसी गांव पहुंच गया है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
मंगलवार सुबह नौ बजे प्रशासन के निर्देश पर हेलीकॉप्टर मनणी पहुंचा। यहां ट्रेकरों की मदद से शव को हेलीकॉप्टर में रखा गया और शेरसी हेलीपैड पर लाया गया। तहसीलदार जयवीर राम बधाणी ने बताया कि 26 सदस्यीय ट्रेकिंग दल विगत 22 अक्तूबर को गौंडार होते हुए मद्महेश्वर से केदारनाथ के लिए रवाना हुआ था। 27 अक्तूबर को दल मनणी पहुंचा था, जहां कड़ाके ठंड और ऑक्सीजन कम होने से पोर्टर तेजपाल सिंह नेगी की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि नौ ट्रेकरों के साथ दल में 2 गाइड, एक रसोइया और 14 पोर्टर शामिल थे। पोर्टर में दस स्थानीय युवक थे, जिनमें तेजपाल सिंह नेगी भी शामिल था। ब्यूरो