रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नगरासू के समीप हुई मोटर साइकिल दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद से मवाणा व नगरासू गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मवाणा गांव निवासी प्रकाश सिंह राणा (22) पुत्र सैन सिंह राणा और भट्टगांव-नगरासू निवासी रोशन सिंह नेगी (22) पुत्र शंभू सिंह नेगी व पंकज (22) पुत्र हरीश निवासी सोेमवार शाम को भट्टगांव से बाइक से नगरासू की ओर जा रहे थे, तभी देर शाम करीब 7.30 बजे मोटर साइकिल नगरासू कस्बे से कुछ आगे अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हल्की बारिश के चलते हाईवे पर यातायात भी कम था, जिसके चलते दुर्घटना का किसी को पता नहीं लग पाया। इधर, तीनों युवकों के रात दस बजे तक घर नहीं पहुंचने पर उनके परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू की गई। इसी बीच देर रात डेढ़ बजे आपदा कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल केएस बिष्ट व चौकी प्रभारी घोलतीर, मय फोर्स मौके पर पहुंचे। खोजबीन के दौरान प्रकाश और रोशन खाई में मृत मिले। उनके शव स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सड़क तक लाए गए। तीसरे युवक को पीठ पर चोट आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौैंप दिए गए। इसके बाद पैतृक घाट पर गमगीन माहौल में दोनों की अंत्येष्टि कर दी गई। रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी, प्रमुख जगमोहन सिंह रौथाण, गंभीर सिंह बिष्ट, डीपी थपलियाल आदि ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।