रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में हुई राजस्व/प्रशासनिक अधिकारियों की मार्च माह की बैठक में 70 प्रतिशत से कम वसूली करने वाले अमीनों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मार्च माह के अंत तक लक्ष्य पूरा न करने वाले अमीनों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए गए।
जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में वसूली का लक्ष्य पूरा न होने पर सख्त रुख अपनाते हए डीएम ने अमीनों का वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। पटवारियों द्वारा राजस्व क्षेत्र में हो रही घटनाओं की जानकारी न दिए जाने पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए पटवारियों को समय पर घटना की सूचना देने के निर्देश दिए। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दैवीय आपदा, एनएच भूमि मुआवजा वितरण व अन्य कार्यों में अनाधिकृत रुपये लिए जाने पर संबधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी। डीएम ने परिवहन विभाग को सभी एसडीएम को चालान बुक उपलब्ध कराने को कहा। इसमें सभी एसडीएम नियमित रुप से वाहन चेकिंग करेंगे। कहा कि कई बार शराब पीने से दुर्घटनाएं हो जाती है। इस लिए वाहनों की नियमित चेकिंग की जाए। दैवीय आपदा मुआवजा मामले में उन्होंने पटवारियों को फटकार लगाते हुए कार्यशैली में बदलाव लाकर ईमानदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि पटवारियों के पास छह माह तक मामले पड़े रहते है, लेकिन उन पर कार्रवाही न होने से आम जनता को परेशान होना पड़ता है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जब तक उनके पास केस स्थानांतरण के आदेश नहीं आ जाते तब तक वे नियमित जांच करें। इस मौके पर एसडीएम सदर देवानंद, सीओ एसपी बडोला, तहसीलदार जखोली शालिनी मौर्य, ऊखीमठ जय राम बधाणी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।