रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने राजस्व क्षेत्र में हो रही घटनाओं पर चिंता जताते हुए राजस्व उपनिरीक्षकों को समय पर घटनाओं की जानकारी एसडीएम को देने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि राजस्व पुलिस क्षेत्र में हो रही घटनाओं की जानकारी उन्हें अन्य सूत्रों से प्राप्त हो रही हैं, जो खेद का विषय है। राजस्व उप निरीक्षक अपने कार्यों के प्रति सर्तक नहीं हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अमीन द्वारा धीमी गति से वसूली होने और नायब तहसीलदार को लंबित वाद की जानकारी न होने पर एसडीएम से संबंधित अधिकारी/कर्मचारी का स्पष्टीकरण लेने को कहा। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को भू-राजस्व पर अवैध रूप से अतिक्रमण के विवाद को तीन माह में निस्तारित करने के निर्देश भी दिए। नगर पालिका व जिला पंचायत के अधिकारियों के बैठक में उपस्थित नहीं होने पर उन्हें देर शाम को बुलाने के निर्देश प्रभारी अधिकारी को दिए। उन्होंने शीतकाल में बर्फबारी प्रभावित गांवों में पर्याप्त राशन व केरोसिन आपूर्ति को लेकर भी पूर्ति विभाग को निर्देशित दिए। इस मौके पर प्रभारी अधिकारी देवानंद, सीओ श्रीधर बडोला, एसडीएम सदर मुक्ता मिश्र, देवमूर्ति यादव, तहसीलदार शालिनी मौर्य आदि थे।