रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के दूरस्थ ग्राम पंचायत पाबौ में भालू ने रात्रि को अलग-अलग गोशाला के दरवाजे तोड़कर एक बैल और बछड़े को मार दिया। पशुपालकों को घटना का पता बृहस्पतिवार सुबह लगा, जब वह मवेशियों को चारा देने गोशाला पहुंचे। ग्राम प्रधान ने वन विभाग को घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित पशुपालकों को मुआवजे की मांग की है।
बुधवार रात्रि को पशुपालक गणपत सिंह की गोशाला के दरवाजे को तोड़कर भालू ने अंदर बंधे बछड़े को मार दिया। वहीं, कुछ दूरी पर स्थित कमल सिंह की गोशाला में बंधे बैल को भालू ने अपना निवाला बना दिया। पशुपालक जब, सुबह गोशाला पहुंचे तो पशु को मृत पाया। विभाग के कर्मचारी ने गांव पहुंचकर घटना को लेकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की। ग्रामीण राजेंद्र सिंह, धनश्याम सिंह, रघुवीर सिंह व उम्मेद सिंह बिष्ट ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से गांव व निकटवर्ती क्षेत्र में भालू का आतंक बना हुआ है। जंगल घास लेने जा रही महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक खतरा बना हुआ है। ब्यूरो