रुद्रप्रयाग। नगर क्षेत्र में घरों व होटल के सीवर का पाइप गदेरे व नदियों में डालने पर प्रशासन की ओर से 17 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इन सभी को सीवर की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला मुख्यालय में मुख्य बाजार से पूरे नगर क्षेत्र में कई घरों व होटल व लॉज का सीवर सीधे पुनाड़ गदेरा सहित अलकनंदा व मंदाकिनी नदी में गिराया जा रहा है। बीते दिनों प्रशासन व पालिका की ओर से निरीक्षण के बाद 17 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। दूसरी तरफ रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र को खुले मेें शौच से मुक्त कराने को लेकर नगर पालिका को भी जिला प्रशासन द्वारा चिहिृृत परिवारों के शौचालय एक माह में बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, राजस्व उप निरीक्षक मनोज असवाल ने बताया कि एसडीएम सदर के निर्देश पर जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, उनमेें से कुछ ने अपने सीवर पाइप की मरम्मत कर उचित निस्तारण कर दिया है, लेकिन अब भी कुछ की स्थिति जस की तस है। पालिका को भी नया बस अड्डा में निर्मित शौचालय में जल्द पानी व्यवस्था कर संचालन के लिए कहा गया है। ब्यूरो