हाईवे का एकसमान चौड़ीकरण की मांग
गुप्तकाशी। ऑल वेदर रोड़ परियोजना में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण में हो रही एक तरफा कार्रवाई पर व्यापारियों व भवन स्वामियों ने रोष जताया है। उन्होंने सड़क के मध्य से दोनों तरफ एक समान चौड़ीकरण किए जाने की मांग की है।
बचन सिंह पंवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर एनएच की ओर से जो सर्वे किया गया है, वह एक तरफा है। कहा कि सर्वे में सड़क के एक तरफ के हिस्से को लिया गया है, जिससे एक तरफ के व्यापारी व भवन स्वामी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सड़क के मध्य बिंदु से दोनों तरफ बराबर नापकर चौड़ीकरण की बात कही। प्रभावितों ने कहा कि अगर मांगों पर कार्रवाही नहीं होती है तो मुआवजा भी नहीं लेंगे और कोर्ट की शरण में जाएंगे। बैठक में कमल सिंह रावत, सत्यनारायण सेमवाल, माधव कर्नाटकी, रामभरोसे, राकेश कोटियाल, किशन चंद्र, आलोक बगवाडी आदि थे।