रुद्रपुर। स्थायी बीडीओ की कमी से जूझ रहे जिले को दो नए बीडीओ मिल गए हैं, जिन्हें रुद्रपुर और जसपुर में तैनाती दी गई है। दोनों नवागंतुक बीडीओ ने मंगलवार को रुद्रपुर और जसपुर खंड विकास कार्यालय में कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। जसपुर के प्रभारी बीडीओ हरीश चंद्र जोशी को उनके मूल पद पर सितारगंज भेज दिया गया और उन्होंने सितारगंज में बीडीओ का प्रभार देख रहीं कृषि रक्षा अधिकारी विधि उपाध्याय से चार्ज भी ले लिया।
बता दें कि तीन फरवरी के अंक में अमर उजाला ने ‘स्थायी बीडीओ के बगैर चल रहे जिले में छह दफ्तर’ नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद हरकत में आए शासन ने दो स्थायी बीडीओ को गढ़वाल मंडल से कार्यमुक्त कर जिले में भेज दिया है। मंगलवार को रुद्रप्रयाग से स्थानांतरित होकर आए बीडीओ रामलाल राज ने रुद्रपुर और पौड़ी से स्थानांतरित होकर आए बीडीओ धीरज दास नथवाण को जसपुर में तैनाती दी गई है। सीडीओ मयूर दीक्षित ने बताया कि दोनों बीडीओ ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। शेष खाली पदों पर भी शासन से बीडीओ स्थानांतरित होकर आने पर जल्द ही तैनाती कर दी जाएगी।