रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय माध्यमिक जनपदीय विज्ञान महोत्सव व प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। व्यक्तिगत छात्र प्रोजेक्ट में राउमावि देवनगर के अनादि कश्यप व टीम प्रोजेक्ट में जीआईसी चोपड़ा के सौरभ सिंह व हिमांशु शाह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान ड्रामा में जीआईसी बसुकेदार अव्वल रहा। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में 30 और जूनियर वर्ग में 18 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
राजकीय आदर्श इंटर कालेज रुद्रप्रयाग में महोत्सव का शुभारंभ करते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि विज्ञान विषय को महोत्सव के रूप में मनाना भी एक कला है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे विज्ञान को समझे, उसे रटे नहीं। सीईओ सीएन काला ने बताया कि महोत्सव में प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहे छात्र-छात्राएं अल्मोड़ा में होने वाले राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद आयोजित विज्ञान ड्रामा में जीआईसी बसुकेदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रदर्शनी में ‘जीवन की चुनौतियों के लिए वैज्ञानिक समाधान’ विषय के तहत मॉडल प्रतियोगिता हुई। इसके जूनियर वर्ग में कृषि एवं जैविक खेती में जूहा छिनका की प्रियांशी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता में राजकीय हाईस्कूल बष्टी के प्रियांशु, संसाधन प्रबंधन में जूहा तुनेटा के अमन पंत, अपशिष्ट प्रबंधन में जूहा सेमलता की गुनगुन, परिवहन और संचार में जूहा गुनाऊं की आस्था और गणितीय प्रतिरूपण में जूहा चौंरा की छात्रा दिव्यांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में जीआईसी फाटा की हिमानी, जीआईसी बुढना की रुचि, जीआईसी मयाली की आयशा, जीआईसी रुद्रप्रयाग की शिया नेगी, जीआईसी मयाली के आदित्य प्रसाद ने प्रथम स्थान किया। इस मौके पर डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, डायट के डा. विनोद यादव, सर्व शिक्षा के सुनील गैरोला सहित सभी विद्यालयों के विज्ञान शिक्षक और अन्य लोग मौजूद थे।