रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्वास्थ्य विभाग जनपद के 52 गांवों में महिलाओं व युवतियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा। इस मौके पर मरीजों की जांच कर जहां नि:शुल्क दवा वितरण होगा। वहीं, स्वस्थ महिलाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
सीएमओ डा. सरोज नैथानी ने बताया कि प्रत्येक गांवों में चिकित्सा अधिकारी, दंत चिकित्सक, फार्मेसिस्ट, एएनएम, आशा फेसिलिटेटर महिलाओं व युवतियों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। इस दौरान खांसी, जुखाम सहित रक्तचाप, हिमोग्लोबिन आदि प्राथमिक जांचेें भी की जाएगी। शिविर में दैनिक क्रियाकलापों के तहत नियमित व पौष्टिक भोजन के बारे के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। सीएमओ के अनुसार उचित स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझना पड़ता है। इसके तहत भी उन्हें जरूरी परामर्श दिया जाएगा। शिविर में पहुंचने वाली महिलाओं/युवतियों को नि:शुल्क दवा का वितरण किया जाएगा। जांच के दौरान पूर्णरूप से स्वस्थ पाई जाने वाली महिला को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। बताया कि आने वाले समय में प्रत्येक तीसरे माह गांवों में महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना तैयार की जा रही है।