रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय में आयोजित पांडव नृत्य में गैंडा वध करने के बाद पांडवों पश्वाओं ने गंगा स्नान किया। उनके स्वागत के लिए मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर लोग मौजूद थे। भक्तों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
महादेव मोहल्ला (वार्ड-6) में चल रहे पांडव नृत्य के 17वें दिन पांडवों ने अपने अस्त्र-शस्त्रों के साथ गंगा स्नान किया। नकुल ने अपने पिता को पिंड दान कर श्राद्ध किया। इसके बाद पांडवों के शस्त्रों की पूजा अर्चना करने के साथ-साथ हवन कर शुद्धिकरण किया गया। पांडव पश्वा महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना करने के बाद सीधे पांडव चौक पहुंचे। जहां उन्होंने अस्त्र-शस्त्रों के साथ नृत्य किया। इससे पहले मंगलवार रात को पहला सिरोता के तहत गैंडी कौथिग का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय भूमियालों के चारों प्रहर की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद चार बजे अर्जुन गैंडे का वध कर मुर्छित हो जाता है। इस दौरान भारी संख्या में पश्वाओं पर देवताओं ने अवतरित होकर अर्जुन को मूर्छा से बाहर ले आए। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष महेश डियूंडी, रामचंद्र नौटियाल, दौलत पंवार, चंद्रप्रकाश सेमवाल, डीपी सेमवाल, हरीश, कालिका प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, जितार सिंह, दिनेश, संजय, हरीश आदि भी मौजूद थे। उधर, केदारघाटी के देवर व ल्वारा गांव में आयोजित पांडव नृत्य को देखने लोगों की भीड़ उमड़ रही है।