रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि में राज्य स्तरीय सब जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-10, अंडर-13 और अंडर-15 बालक व बालिका वर्ग के सिंगल व डबल स्पर्धा के मुख्य क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। मंगलवार को प्रतियोगिता के सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के तीसरे दिन हुए अंडर-13 के बालिका वर्ग के पहले मैच में समृद्धि तिवारी ने सिद्धि रावत को तीन सेटों में चले मुकाबले में 21-19, 19-21 और 21-13 से पराजित किया। यह मैच, प्रतियोगिता का अभी तक का सबसे रोमांचक मैच था। दूसरे मैच में अनुष्का जुयाल ने शौर्या राणा को सीधे सेटों में 21-11 और 21-12 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में अंडर-10 बालिका वर्ग सिंगल इवेंट में अनन्या बिष्ट ने गायत्री रावत को 20-22, 21-18 और 21-18 से हराया। इसी वर्ग के बालक सिंगल इवेंट में सूर्य प्रकाश रावत ने वेदांश नेगी और ईशान नेगी ने युवराज को पराजित किया। जूनियर में अंडर-10 बालक वर्ग डबल प्रतियोगिता में सूर्य प्रकाश और यशोधन की जोड़ी ने युवराज और प्रियांशु की जोड़ी को 21-12 और 21-15 से पराजित किया, जबकि ईशान और वेदांश ने तन्मय और आर्यन की जोड़ी को 21-12 और 21-17 से पराजित कर मुख्य दौर में प्रवेश किया। सब जूनियर अंडर-15 बालक वर्ग के डबल्स क्वार्टर फाइनल में अनन्य और शशांक की जोड़ी ने ध्रुव और अर्श की जोड़ी को 21-17 व 21-19 और प्रणव और शिवम की जोड़ी ने अनुभव और अनन्य को जोड़ी को पराजित किया। तीसरे दिन अंडर-13 बालक वर्ग के डबल्स में चार मैच खेले गए।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नेगी ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता के सभी वर्ग के फाइनल मैच खेले जाएंगे। साथ ही पुरस्कार वितरण के साथ समापन होगा।