रुद्रप्रयाग। गॉय इन द स्काई पिक्चर्स के बैनर तले पांच सितंबर से पांच अक्तूबर तक रुद्रप्रयाग में शूट की गई हिंदी फिल्म केदारनाथ का पहला पोस्टर जारी किया गया है। अभिषेक कपूर के निर्देशन में बन रही यह फिल्म जून माह में रिलीज होगी। जिले से शूटिंग कर मुंबई लौटी यूनिट ने फिल्म का पोस्टर जारी किया है, जिसमें केदारनाथ में फिल्म की नायिका सारा अली खान हाथ में छाता लिए घोड़े पर सवार है।
फिल्म केदारनाथ के लाइन प्रोड्यूसर अमित मेहता ने बताया कि केदारनाथ आपदा पर एक और हिंदी फिल्म जनपद में शूट की जाएगी। यह फिल्म आपदा में बिछुड़े परिवार के मिलन पर आधारित है, जिसकी शूटिंग अगले वर्ष जिले के अलग-अलग इलाकों में होगी। फिल्म की कहानी और संवाद लिखे जा चुके हैं। इस फिल्म का बजट लगभग 50 करोड़ होगा। अमित मेहता बतौर लाइन प्रोड्यूसर इस फिल्म में भी काम करेंगे। उन्होंने बताया कि अगले एक सप्ताह में फिल्म का बैनर, नायक, नायिका सहित कलाकारों और यूनिट का चयन कर लिया जाएगा। इधर, डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि केदारनाथ फिल्म की शूटिंग से जिले में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को बल मिला है।