रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बांसवाड़ा में हुआ अति संवेदनशील, पहाड़ी से भूस्खलन बना बड़ा खतरा।
- फोटो : RUDRAPRYAG
बांसवाड़ा में पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग दिनभर बंद रहा। एनएच द्वारा हाईवे बंद होने पर यातायात को गंगानगर-बसुकेदार-गुप्तकाशी मोटर मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। दूसरी तरफ जनपद में 13 संपर्क मोटर मार्ग भी बरसात के कारण आए मलबा से चार दिन से बंद पड़े हैं।
मंगलवार तड़के से हो रही तेज बरसात से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बांसवाड़ा में भारी भूस्खलन व पहाड़ी से बह रहे तेज बरसाती पानी के चलते बंद है। एनएच व कार्यदायी संस्था द्वारा मलबा सफाई का कार्य भी नहीं हो पा रहा है। इस स्थिति में प्रशासन के निर्देश पर यातायात को वैकल्पिक मोटर मार्ग गंगानगर-बसुकेदार-गुप्तकाशी मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। इस मार्ग पर भी जगह-जगह बरसाती नालों के उफान से यातायात संचालन में खासी दिक्कतें हो रही हैं। गौरीकुंड राजमार्ग पर भटवाड़ी, कुंड, सेमी-भैंसारी और खाट गांव में भी संवेदनशील बना हुआ है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भी सिरोहबगड़ से नगरासू के बीच कई जगहों पर दिनभर पत्थर गिरते रहे। जनपद में बरसात से 13 संपर्क मोटर मार्ग अवरुद्ध हो रखे हैं, जिस कारण क्षेत्रीय गांवों के लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जिला आपदा कंट्रोल रूम द्वारा बताया गया कि जिले में मयाली-गुप्तकाशी, सिंराई-नंदवाणगांव, मयाली-घनसाली, बडिय़ारगढ़-धौंडगी-सौंराखाल, बांसवाड़ा-कणसिल, गुप्तकाशी-कालीमठ-चौमासी, विजयनगर-पठालीधार, सणगू-सारी, जुगासू-रांसी-तलसारी, ऊखीमठ-मनसूना, लमगौंडी-देवलीभणिग्राम, बष्टी-हाट, बसुकेदार-क्यार्क-बरसूड़ी और द्यूलधार-गणेशनगर मोटर मार्ग बंद पड़े हुए हैं। इधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस व मनोज दास ने बताया कि बरसात रुकने के बाद ही मोटर मार्गों पर मलबा साफ कर यातायात बहाल किया जाएगा। संबंधित जेई व कार्यदायी संस्थाओं को मशीन तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।