रुद्रप्रयाग। दोपहर बाद से अचानक बिगड़े मौसम के कारण ऊपरी गांवों में ओलावृष्टि और निचले इलाकों में तेज बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में गेहूं, जौ, मटर सहित साग-भाजी की फसलें ओलावृष्टि से चौपट हो गई हैं।
शनिवार दोपहर बाद जखोली, अगस्त्यमुनि व ऊखीमठ ब्लॉक के ऊपरी तरफ के गांवों में 10 से 15 मिनट तक जमकर ओलावृष्टि हुई। पूर्वी बांगर के बक्सीर गांव के ग्राम प्रधान उमेद सिंह नेगी ने बताया कि ओलों के गिरने से खेतों में खड़ी गेहूं, जौ, सरसों, मटर, आलू, प्याज, लहसुन, धनिया की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से गेहूं और जौ की बालियां टूटने से खेतों में ढेर लगे हुए हैं। तल्लानागपुर के मदोला, कोटी, मदोला, धारकोट सहित अन्य गांवों में ओलावृष्टि से काश्तकारों की फसलें तहस-नहस हुई हैं। साथ ही फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। इधर, रुद्रप्रयाग सहित जनपद के अन्य निचले इलाकों में 3 बजे के बाद आसमान में घने काले बादल घिरने से कुछ देर के लिए अंधेरा जैसा हो गया। इस दौरान ओलावृष्टि हुई व फिर तेज बारिश होने लगी, जो लगभग एक घंटे तक रही।