रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि विकासखंड के ग्राम पंचायत फलासी के ग्रामीणों ने तुंगेश्वर मंदिर फलासी में सौंदर्यीकरण के तहत हो रहे निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया है। इस बावत उन्होंने डीएम मंगेश घिल्डियाल को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई करने की मांग की है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि सरका की लोक एवं जन कल्याणकारी योजना के तहत पर्यटन विभाग द्वारा फलासी मंदिर में निर्माण करवाया जा रहा है, जिसमें संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है। कहा कि चोपता से तुंगेश्वर मंदिर फलासी तक पैदल मार्ग का निर्माण किया जाना था। जो कि मंदिर से 500 मीटर पहले मलाऊ गांव तक ही किया गया है। जबकि इससे आगे मार्ग का निर्माण छोड़ दिया है। समरेखण के दौरान मंदिर में तीन गेटों के निर्माण की बत कही गई थी, जिसमें अभी तक मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण तक नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में पत्थर भी ठीक तरह से नहीं बिछाया गया है। उन्होंने डीएम ने उक्त कार्यों का निरीक्षण कर छूटे हुए कार्यों को पूरा करने की मांग की है। ज्ञापन में प्रधान बीना देवी, जोत सिंह राणा, मनबर सिंह, बीर सिंह बिष्ट, नागेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, त्रिलोचन प्रसाद, देवेंद्र सिंह समेत अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर है।