रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड 108 एवं खुशियों की सवारी फील्ड कर्मचारी संघ ने तीन माह का वेतन भुगतान सहित सात सूत्री मांगों के निस्तारण को लेकर कंपनी प्रबंधन और उत्तराखंड शासन को ज्ञापन भेजा है। संघ ने एक जनवरी तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर अगले दिन से अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर जाने की चेतावनी दी है।
संघ का कहना है कि 108 व खुशियों की सवारी सेवा में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को बीते अक्तूबर माह से वेतन भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में उन्हें भारी आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। कंपनी प्रबंधन को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराने पर भी वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रबंधन पर कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप लगाया है। संघ ने अवकाश के दिन ड्य़ूटी देने पर कर्मचारियों को ओवरटाइम का भुगतान श्रम कानून के अनुसार दोगुना करने, माह की 5 तारीख तक वेतन व बिलों का भुगतान किए जाने, बेसिक वेतनमान का निर्धारण श्रम कानून के अनुसार करने, अनावश्यक स्थानांतरण बंद करने, अगस्त माह में काटे गए दो दिन के वेतन का शीघ्र भुगतान करने और अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए कमेटी का गठन किए जाने की मांग की है। अगर तय तिथि तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी दो जनवरी से अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले जाएंगे।