रुद्रप्रयाग। चारधाम परियोजना से प्रभावित होने वाले व्यापारियों व भवन स्वामियों को मुआवजा व पुनर्वास के लिए जन अधिकार मंच के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। इस संबंध में कार्रवाई के साथ ही उन्होंने नगर में व्याप्त अन्य समस्याओं के बारे में भी अवगत कराया। इस पर जिलाधिकार ने बताया कि चारधाम परियोजना से प्रभावित होने वाले व्यापारियों के लिए कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। एसडीएम को भूमि चयन के आदेश दे दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि चारधाम परियोजना से प्रभावित होने वाले लोगों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। नियमों के तहत मामले में कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित व्यापारियों के लिए जिला मुख्यालय में कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा, जिसमें उन्हें दुकानें आवंटित की जाएंगी। जबकि भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जाएगा। राजस्व विभाग के माध्यम से प्रभावितों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा तैयार किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल में मोहित डिमरी, वरिष्ठ पत्रकार रमेश पहाड़ी, केपी ढ़ौडियाल, केशव नौटियाल, तरुण पंवार, योगेश जुयाल आदि मौजूद थे।