रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित केदारनाथ दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोनिवि को केदारनाथ में पंडाल निर्माण, बैरिकेडिंग व्यवस्था के निर्देश दिए, साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एमआई-17 हेलीपैड से लेकर केदारनाथ में अलग-अलग स्थानों पर मेडिकल टीम को तैनात करने को कहा। उन्होंने परिवहन विभाग को धाम में मौजूद नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के एटीवी की फिटनेस सहित अन्य चेकिंग को कहा, साथ ही वाहन चालक का स्वास्थ्य परीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा। पूर्ति विभाग को रिफिलिंग के लिए ईंधन की व्यवस्था, पुलिस को सुरक्षा, जीएमवीएन को भोजन व ठहरने की व्यवस्था, बीकेटीसी को पूजा और उद्यान विभाग को पर्याप्त फूलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी पीएन मीणा, एडीएम गिरीश गुणवंत सहित अन्य प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
तीर्थ पुरोहितों में उत्साह
रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तीर्थ पुरोहितों में खासा उत्साह है। वयोवृद्ध तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने बताया कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ को एक नया रूप देने में अहम भूमिका निभाई है। बीते वर्ष भी कपाट खुलने व कपाट बंद होने से एक दिन पहले वे धाम आए थे। इससे पूर्व अस्सी के दशक में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी दो बार केदारनाथ आई थी। ब्यूरो