जखोली। ब्लाक के बांगर पट्टी के 16 गांवों में एक सुर में शराबबंदी लागू करने और स्वच्छता के लिए हुंकार भरी गई। सामाजिक व सांस्कृतिक विकास को लेकर क्षेत्र को नई पहचान देने के लिए सभी गांवों के ग्रामीणों ने संयुक्त बैठक कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है।
रणधार में अजीत राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बांगर क्षेत्र को शराबमुक्त बनाने पर चर्चा की गई। वक्ताओं का कहना था कि अवैध शराब के बढ़ते प्रकोप से गांवों का माहौल खराब हो रहा है, जिस पर रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शराब का सबसे अधिक असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। इसे लेकर बैठक में मौजूद सभी ग्रामीणों ने एक सुर में बांगर क्षेत्र में शराबबंदी के निर्णय पर अपनी सहमति जताई। बैठक में सभी गांवों में प्रत्येक माह में दो बार श्रमदान कर साफ-सफाई करने का भी निर्णय लिया गया। इस मौके पर जयदेव उनियाल, नरेंद्र पंवार, जगदीश पंवार, अनिल सेमवाल, उत्तम पंवार, दर्शन राणा, कुंदर राणा, संदीप पंत, रोहन, आलोक, पंकज सहित अन्य मौजूद थे।