ऊखीमठ। कौथिग व कालीमठ बहुउद्देश्यीय स्वायत्त सहकारिता की ओर से रामनवमी के पावन पर्व पर शक्तिपीठ कालीमठ में एक दिवसीय कालीमठ घाटी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर लोक गायिका हेमा करासी व टीम ने कीर्तन-भजनों की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
महोत्सव का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि पूर्व प्रमुख ममता नौटियाल ने किया, जिसके बाद लोक गायक प्रदीप बुटोला ने जय बदरी-केदारनाथ गीत से देवी-देवताओं का आह्वान किया। इसके पश्चात कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण लोक गायिका हेमा करासी के गीत रहे। उन्होंने ह्वैगे दर्शन मां तेरू, मन नाचण लगी मेरू, गिर गेंदुवा और चैत की चैतवाली आदि गीत गाए। देहरादून के राजकुमार व टीम ने शिव तांडव नृत्य व काली नृत्य का भव्य मंचन किया। इस मौके पर जिला जज हरीश कुमार गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मवीर सिंह, सीओ अभय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष आरएस रौतेला, भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष आशीष गैरोला, नरोत्तम राणा, रंगकर्मी लखपत राणा, बिंदु देवी, मंजू देवी, राजेश्वरी देवी आदि थे।