रुद्रप्रयाग। बच्छणस्यूं पट्टी के मरगांव, पौड़ीखाल, सुनाऊं आदि गांवों का वर्षों से चला आ रहा मोटर मार्ग का इंतजार अब खत्म होने वाला है। स्वीकृत दैजीमांडा-पौड़ीखाल मोटर मार्ग का निर्माण अप्रैल माह से शुरू हो जाएगा। लोनिवि की ओर से स्वीकृत 3.500 किमी मार्ग का पहले चरण में एक किमी निर्माण किया जाएगा। मार्ग निर्माण को लेकर क्षेत्रीय जनता में खुशी की लहर है।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड द्वारा मार्ग का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2005 में स्वीकृत 5.500 किमी मार्ग का 2 किमी निर्माण कार्य पूर्व में हो चुका है। अब, शेष 3.500 किमी मार्ग में से एक किमी कटिंग कार्य किया जाएगा। तीसरे चरण में शेष ढाई किमी सड़क का निर्माण कार्य इस वर्ष के अंत तक किया जाएगा। मार्ग निर्माण को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। ग्राम प्रधान बंटी लाल, गजेंद्र सिंह रौथाण, सामाजिक कार्यकर्ता कृपाल सिंह रौथाण, दरबान सिंह रौथाण, विक्रम सिंह रावत, वन पंचायत सरपंच गणेश सिंह बिष्ट का कहना है कि अब, मोटर मार्ग निर्माण से गांवों के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकेगी। इधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि एक किमी कटिंग का कार्य अप्रैल माह के पहले सप्ताह में शुरू कर करीब एक माह में पूरा कर दिया जाएगा। शासन से इस कार्य के लिए करीब 53 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं।
खांकरा से खेड़ाखाल के मध्य क्षेत्र में बसे गांवों को यातायात सुविधा मुहैया कराने के लिए मार्ग की मांग होती रही है, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। ऐसे में ग्रामीण 2 से 5 किमी पैदल नाप रहे हैं, लेकिन अब ग्रामीणों की मुश्किल कम हो सकेगी।