ऊखीमठ/गुप्तकाशी। नारायणकोटी गांव निवासी व बीते 14 फरवरी से लापता प्रदीप नेगी (25) पुत्र बलवंत सिंह नेगी का शव ऊखीमठ-चोपता मोटर मार्ग पर पिंगलापानी के समीप जंगल में मिला।
ऊखीमठ के थानाध्यक्ष होशियार सिंह पंखोली ने बताया कि सूचना पर पिंगलापानी से दो किमी ऊपर जंगल मेें युवक का शव पाया गया। शव अधिकांश कंकाल हो चुका है। कपड़ों के माध्यम से शिनाख्त की गई है। मौके पर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही शिनाख्त को पुख्ता करने के लिए डीएनए जांच के लिए शव से एक हड्डी को लिया गया है। बीते 14 फरवरी को प्रदीप अपने एक मित्र के साथ स्कूटी से चोपता घूमने गया था। वापसी में स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें दोनों को हल्की चोटें भी आई। इस पर, युवक का मित्र सोहन सिंह अन्य किसी से लिफ्ट लेकर दूसरी गाड़ी लेने ऊखीमठ के रवाना हो गया था, लेकिन जब वह गाड़ी लेकर वापस मौके पर पहुंचा तो, प्रदीप नहीं मिला। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिल पाया। अपने पुत्र के गायब होनेे के बारे में युवक के पिता ने थाना गुप्तकाशी में तहरीर दी थी।