जखोली/तिलवाड़ा। शक्तिपीठ मठियाणा माई की नौ दिवसीय जात के 8वें दिन भव्य जलकलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। इस मौके पूरा क्षेत्र अराध्य मां भगवती के जयकारों से गूंज उठा।
रविवार को प्रात: 8 बजे आचार्य शिव प्रसाद नौटियाल के दिशा-निर्देशन में पुजारियों ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ अराध्य की आरती की। इसके उपरांत प्राकृतिक स्रोत से जल कलश यात्रा मंदिर तक पहुंची। कलशों के जल से अराध्य मां मठियाणा को स्नान कराया गया। इसके उपरांत पुजारियों द्वारा मां भगवती का श्रृंगार कर विशेष पूजा कर भोग लगाया। इस मौके पर अराध्य के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। ध्याणियों व ग्रामीणों ने परिवार सहित मां भगवती की पूजा कर मनौतियां भी मांगी।