रुद्रप्रयाग। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग बाईपास के चौड़ीकरण का कार्य कर रही आरजीबी कंपनी की ओर से उत्यासु गांव के नीचे लगाए गए क्रशर को हटाने के लिए जवाड़ी के ग्रामीणों में एनजीटी की शरण में जाने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों द्वारा 12 मार्च को प्रदर्शन भी किया जाएगा।
क्रशर को हटाने की मांग को लेकर ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में जवाड़ी गांव के शिव मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बिष्ट ने कहा कि बाईपास विस्तारीकरण का उनका कोई विरोध नहीं है, लेकिन जिस तरह से क्रशर स्थापित किया गया है, वह नियमों के विरुद्ध है। ऐसे में अगर आने वाले दिनों में क्रशर शुरू हुआ तो उससे उड़ने वाली धूल से पेयजल स्रोत सहित चारापत्ती, फसल और लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचेगा। इसलिए शासन, प्रशासन व कार्यदायी संस्था अतिशीघ्र उसे अन्यत्र स्थापित करें। बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 मार्च को क्रशर हटाने के लिए बाईपास पर प्रदर्शन कर धरना दिया जाएगा। साथ ही एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के अध्यक्ष से भी मिलेगा। इस मौके पर वक्ताओं को कहना था कि ऑल वेदर रोड में हो रहे कार्यों को लेकर कुछ लोगों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है, जो ठीक नहीं हैं। वक्ताओं का कहना था कि ऑल वेदर रोड परियोजना में वर्ष 2013 को भू-अधिग्रहण कानून का सीधा उल्लंघन किया जा रहा है। बैठक में उत्तम सिंह, जितार सिंह, भूप सिंह, गब्बर सिंह, कमल सिंह, विजेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।