जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने और अन्य सराहनीय कार्यों के लिए जन अधिकार मंच ने डीएम मंगेश घिल्डियाल को विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिले में कृषि, जल संरक्षण, स्वच्छता आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही 12 प्रतिभाओं को रुद्ररत्न सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि पद्मभूषण एवं गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि पहाड़ की उपजाऊ मिट्टी मैदानी क्षेत्रों में बहकर जा रही है और वहां बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने वृक्षविहीन ढलानों में सघन पौधारोपण कर हरित पट्टियां विकसित करने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि जगत सिंह चौधरी ‘जंगली’ ने डीएम की ओर से स्थानीय परिवेश से जुड़कर समस्या निस्तारण को बेहतर सोच बताया। डीएम ने कहा कि पहाड़ों में विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रतिभाएं कार्य कर रही हैं। उन्हें उचित मंच देने और प्रोत्साहन देने की जरूरत है। समारोह में पत्रकारिता के लिए कैलाश खंडूडी, जल संचय व जल स्रोत संरक्षण के लिए राजराजेश्वरी महिला कृषक समिति लुठियाग, विज्ञान मॉडल के लिए छात्रा शालिनी, कृषि व स्वरोजगार के लिए बबीता रावत व कपिल शर्मा, महिला सशक्तीकरण के लिए देवकी देवी, गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए आशा कार्यकर्ता दिक्कू देवी, पर्यटन संवर्द्धन के लिए यशपाल नेगी, कूड़ा एकत्रीकरण के लिए आनंद कुमार, लोक संस्कृति के लिए राजेंद्र गोस्वामी, पारंपरिक वैद्य भजन सिंह और ग्रामीण विकास के लिए ममंद कंडारा को रुद्ररत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर ऊषा घिल्डियाल, रमेश पहाड़ी, मोहित डिमरी, केएन डिमरी, केपी ढौंडियाल, एमएन भट्ट, देवेंद्र चमोली, अजय आनंद, लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, प्रदीप बगवाड़ी, कालीचरण रावत, रमेश बेंजवाल आदि मौजूद थे।