जखोली। आदर्श राजकीय इंटर कालेज पौंठी में एलटी व प्रवक्ता संवर्ग में 13 पद खाली पड़े हैं, जिसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। अभिभावक संघ ने एक माह में रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पीटीए अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विष्णु प्रसाद, विजेंद्र कंडारी, बीर सिंह, सुरेंद्र सिंह राणा का कहना है कि वर्ष 2016 में इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण के साथ ही विद्यालय को आदर्श का दर्जा दिया गया, लेकिन शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई। वर्तमान शिक्षण सत्र में प्रधानाचार्य सहित प्रवक्ता संवर्ग में भौतिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, जीवन विज्ञान और सहायक में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामान्य, कला व व्यायाम विषय में पद खाली पड़े हैं। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों का प्रवेश अन्यत्र विद्यालयों में कराना पड़ रहा है। इधर, मुख्य शिक्षाधिकारी सीएन काला ने बताया कि जनपद में माध्यमिक स्कूलों में रिक्त पदों की सूची तैयार की जा रही है, जिसे निदेशालय भेजा जाएगा।