रुद्रप्रयाग। लोकसभा चुनावों में तैनात जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित पीठासीन अधिकारी व मतदान कार्मिकों को ईवीएम व वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर उन्होंने मतदान दिवस को लेकर जरूरी सुझाव व दिशा-निर्देश भी दिए गए।
क्रीड़ा विभाग के कॉम्पलेक्स में शुरू हुए प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी पूरी दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं हो, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में दिक्कत हो या व्यवस्था पर प्रश्न उठे। उन्होंने ईवीएम व वीवीपैट के तकनीकी के बारे में बताते हुए कहा कि ये मशीनें संवेदनशील हैं। इसलिए इनकी सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित करते हुए पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील की। मौके पर अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि निर्वाचन टीम आपस में संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी/कर्मचारियों को ईवीएम व पोस्टल बैलेट की जानकारी प्राप्त कर अपना ईडीसी प्रमाण पत्र लेने को भी कहा। प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरव कुमार, एआरओ परमानंद राम, उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी, उप जिलाधिकारी देवमूर्ति यादव, उप जिलाधिकारी मायादत्त जोशी, सहायक निर्वाचन अधिकारी आरसी आर्य, केएस कोहली आदि मौजूद थे।