जखोली। भरदार पट्टी के डुंग्री गांव में एक महिला की जंगल में घास काटते समय पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है।
शनिवार को डुंग्री गांव निवासी ममता देवी (27) पत्नी शिव सिंह, अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थी। वहां, घास काटते समय महिला पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थर की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिलाओं की सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को चारपाई से मोटर मार्ग तक लाया गया। यहां से उसे निजी वाहन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया जा रहा था। जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद से परिवार व गांव में मातम पसरा हुआ है। जखोली ब्लॉक में बीते दो माह में जंगल में घास काटने के दौरान महिला की मौत की यह तीसरी घटना है।