रुद्रप्रयाग। जिले के एक स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा शराब के नशे में धुत होकर ग्रामीणों को गाली-गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने इसका संज्ञान लेते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक के निलंबन की संस्तुति शिक्षा विभाग से की है। सीईओ ने मामले में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक को अवगत कराया है। विभाग द्वारा वीडियो की सत्यता की जांच भी की जा रही है।
वायरल हुआ वीडियो अगस्त्यमुनि ब्लाक के दूरस्थ एक राजकीय हाईस्कूल का है, जहां प्रभारी प्रधानाध्यापक स्कूल समय में विद्यालय परिसर से शराब के नशे में धुत होकर ग्रामीणों को गाली-गलौज कर रहे हैं। वीडियो स्कूल में ही बनाया गया है। डीएम घिल्डियाल ने बताया कि शराब के नशे में धुत होकर स्कूल के मुखिया द्वारा ग्रामीणों को गाली देना विभागीय मान-मर्यादाओं का हनन है। संबंधित ने पद के साथ विभाग की छवि को भी खराब किया है, लिहाजा प्रभारी प्रधानाध्यापक के निलंबन की संस्तुति करते हुए विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य शिक्षाधिकारी सीएन काला ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर प्रभारी प्रधानाध्यापक के निलंबन के लिए अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक पौड़ी को पत्र भेज दिया है। प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा स्कूल समय में शराब पीकर गाली-गलौज करना दुर्भाग्यपूर्ण है।