रुद्रप्रयाग। जवाहर नवोदय विद्यालय बणसू-जाखधार (गुप्तकाशी) में आगामी शिक्षण सत्र के तहत कक्षा 6 के लिए छह अप्रैल को प्रवेश परीक्षा होनी है। परीक्षा केंद्र 50-60 किमी से भी अधिक दूर हैं। साथ ही कई प्रवेश पत्रों में नाम व फोटो गलत है।
80 सीटों के लिए होने वाली इस प्रवेश परीक्षा के लिए जिले में 3515 परीक्षार्थियों के लिए तीनों ब्लॉकों में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। छह अप्रैल को पूर्वाह्न 11.30 बजे से परीक्षा शुरू होनी है, लेकिन कई परीक्षार्थियों के घरों से केंद्र 50 से 60 किमी दूर हैं। बसुकेदार उप तहसील के राप्रावि जमेथी की छात्रा काजल का परीक्षा केंद्र खांकरा है, जो उसके घर से 60 किमी दूर है। इसी विद्यालय के आयुष का परीक्षा केंद्र रतूड़ा है, जो उसके घर से 50 किमी है। उप शिक्षाधिकारी नंदा चंद्रा ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बहुत दूर बनाए गए हैं। ऐसे में अधिकांश अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। प्रवेश पत्रों में भी काफी गलतियां हैं। प्रधानाचार्य संजीव झाझड़िया का कहना है कि इस बार परीक्षार्थियों के प्रवेश परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरे गए थे। अभिभावकों या परीक्षार्थियों की ओर से एक साथ कई फार्म ऑनलाइन अपलोड करने के कारण नाम, फोटो व स्कूल नाम में गलतियां हुई है। हरसंभव प्रयास होगा कि ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हों।