रूद्रप्रयाग। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के लिए संचालित कायाकल्प योजना में जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग ने उत्तराखंड में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। जनपद स्तर पर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेड़ाखाल को प्रथम स्थान मिला है। दोनों केंद्रों को योजना के तहत वर्ष 2018-19 के लिए क्रमश: 3 लाख व 2 लाख रुपये इनाम के रूप में प्रदान किए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके झॉ. ने बताया कि सरकारी चिकित्सालयों में स्वास्थ्य व नागरिक सेवाओं के साथ ही साफ-सफाई को बेहतर करने के लिए कायाकल्प योजना संचालित की जा रही है। राज्य स्तर पर गठित टीम द्वारा कायाकल्प मानकों के अनुरूप मूल्यांकन किया गया, जिसमें जनपद स्तर पर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेड़ाखाल को पहला स्थान मिला है। इसी वर्ग में पीएससी ऊखीमठ को सांत्वना पुरस्कार मिला। जबकि जिला चिकित्सालय वर्ग में डीएच रुद्रप्रयाग को राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। देहरादून में हुए समारोह में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय रावत व एडीपीएम कनिष्क काला को एपीएचसी खेड़ाखाल के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये का चेक व स्मृति चिह्न प्रदान किया। जबकि डीएच रुद्रप्रयाग के लिए सीएमएस डॉ. डीसी सेमवाल व प्रधान सहायक वाईएस नेगी को तीन लाख का चेक व स्मृति चिह्न भेंट किया गया। सीएमएस डॉ. सेमवाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय में सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए ईनामी राशि का उपयोग किया जाएगा।
जारी --