विनय बहुगुणा
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विद्युत सुविधा से वंचित 113 तोकों के 600 परिवारों के घर भी रोशनी से जगमग हो सकेंगे। भारत सरकार की दीन दयाल विद्युतीकरण योजना के तहत ऊर्जा निगम द्वारा आगामी दिसंबर माह तक इन घरों का विद्युतीकरण किया जाना है। पहले चरण में ऊर्जा निगम की ओर से 24 तोकों में विद्युत पोल स्थापित किए जा रहे हैं।
दीनदयाल विद्युतीकरण योजना के माध्यम से जनपद रुद्रप्रयाग के बिजली से वंचित ऊखीमठ ब्लाक के 42, अगस्त्यमुनि के 39 और जखोली ब्लाक के 32 तोकों के 600 परिवारों का विद्युतीकरण किया जाना है। इन तोकों को रोशनी से जगमग करने के लिए इन दिनों भणज मल्ला व मल्ला, अखोड़ी एससी बस्ती, ब्राह्मणखोली, कांडी-क्यार्क, कोंथा एससी बस्ती, किंनज्याणी का दरोतीधार तोक में पोल लगाए जा रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों की के अनुसार तीन माह में सभी तोकों में विद्युत पोल लगाने और घरों में फिटिंग कर कनेक्शन को ग्रीड की 11 केवी विद्युत लाइन से जोड़ दिया जाएगा। साथ ही अन्य औपचारिकताएं पूरी कर 20 दिसंबर तक यहां बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। वर्तमान में जनपद के ये 600 परिवार बिजली के अभाव में सूचना क्रांति की सुविधाओं से वंचित हैं। टेलीविजन आज भी इनके लिए सपने के समान है। कुछ लोगों के पास मोबाइल सेट तो हैं, लेकिन उनकी बैटरी चार्ज के लिए बाजारों की दौड़ लगानी पड़ रही है। ग्राम प्रधान राधा देवी, सत्येश्वरी देवी, महेंद्र सिंह का कहना है कि ग्रामीणों का लंबा इंतजार अब खत्म होगा।
>>>
दीनदयाल विद्युतीकरण योजना के तहत 113 तोकों के 600 परिवारों के विद्युतीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिसंबर तक सभी घरों तक बिजली पहुंचा दी जाएगी। केंद्र से इस योजना में 11 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
-- मनोज सती, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम रुद्रप्रयाग