रुद्रप्रयाग। धनपुर पट्टी के क्यार्की और घंडियाल्का गांवों के लोगों कोे जल्द सड़क सुविधा मिल जाएगी। इन गांवों के लिए स्वीकृत खेड़ीखाल-क्यार्की-घंडियाल्का मार्ग के निर्माण से निकलने वाले मलबे को लेकर तीनों गांवों के ग्रामीणों ने तीन वर्ष से उपजे को वार्ता के बाद सुलझा लिया है। तीनों गांवों के लोगों ने सड़क निर्माण के लिए सहमति दे दी है। अब लोनिवि जल्द सड़क वन विभाग से एनओसी प्राप्त करेगा। एनओसी मिलने के बाद निर्माण का काम शुरू कर सकेगा।
ग्राम प्रधान गीता देवी और पूर्व प्रधान सरोजनी देवी की अध्यक्षता में खेड़ीखाल, क्यार्की व घंडियाल्का गांव के ग्रामीणों में वार्ता हुई। करीब चार घंटे तक चली बैठक में लोगों का कहना था कि उन्हें मोटर मार्ग निर्माण से कोई आपत्ति नहीं हैं। उनका कहना था कि मार्ग निर्माण के दौरान निकलने वाले मलबे को खेड़ीखाल और क्यार्की गांव के ऊपर से नहीं फेंका जाए। इसके लिए विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में बस्ती से दूर अलग-अलग स्थानों पर डंपिंग जोन निर्धारित कराए जाएं। इस पर सभी ने सहमति जताई। लोगों ने एक स्वर में गांवों के भौतिक विकास के लिए सड़क को जरूरी बताते हुए आपसी मतभेद भुलाकर निर्माण में सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में राकेश मोहन, सोबन सिंह बिष्ट, राम सिंह, फते सिंह, दौलत सिंह, जय सिंह, राकेश सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष रमा देवी, सुमन, सुशीला देवी, अनीता देवी, रुकमणी देवी, नंदा देवी, सरोजनी देवी, सतीश व अरुण सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। वर्ष 1991 में 5 किमी खेड़ीखाल-क्यार्की-घंडियाल्का मार्ग स्वीकृत किया गया था। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड द्वारा वर्ष 2004 व 2009 में सर्वेक्षण किया गया लेकिन, ग्रामीणों के विवाद और फॉरेस्ट क्लीयरेंस के चलते कार्य शुरू नहीं हो पाया।
इनका कहना है --
5 किमी मार्ग के निर्माण के लिए तीनों गांवों व वन विभाग से एनओसी प्राप्त की जाएगी। इसके बाद शेष औपचारिकताओं को त्वरित पूरा कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। -इंद्रजीत बोस, ईई लोनिवि प्रांतीय खंड, रुद्रप्रयाग