तिलवाड़ा। विकासखंड जखोली के सिलगढ़ पट्टी के ग्राम पंचायत कुमड़ी समेत तीन गांवों को यातायात सुविधा मुहैया कराने के उद्देेश्य से स्वीकृत 2 किमी चाका-बुडोली मोटर मार्ग का निर्माण 9 वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग सिर्फ एक किमी ही कटिंग कर पाया है, जो बीते बरसात से कई जगहों पर खस्ताहाल होकर हादसों का सबब बनी है।
वर्ष 2008 में चाका, बुडोली, कुमेड़ी सहित निकटवर्ती गांवों के लिए दो किमी चाका-बुडोली मार्ग स्वीकृत किया गया था। लोनिवि प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इस मार्ग के बनने से इन गांवों का अगस्त्यमुनि व विजयनगर से सीधा संपर्क हो जाता, लेकिन 9 वर्ष बीत जाने के बाद भी मार्ग एक किमी ही बन पाया है, जो बदहाल हो चुका है। सिलगढ़ विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराने के बाद भी मार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है। विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीण ढाई से तीन किमी पैदल नाप रहे हैं। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण पूरा न होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर, लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि शासन से एक किमी की स्वीकृति मिली थी, जिसके तहत कार्य किया जा चुका है। शेष एक किमी की अभी तक न तो सैद्धांतिक स्वीकृति मिली और न वित्तीय। इस संबंध में पत्राचार चल रहा है।