रुद्रप्रयाग। नेहरू युवा केंद्र की ओर से राजकीय बालिका इंटर कालेज में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के जिला संयोजक डा. योगेश धस्माना ने कहा कि नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा। वहीं प्रधानाचार्या डा. ममता नौटियाल ने कहा कि पेड़-पौधों का बिना जीवन संभव नहीं है। ऐसे में जरूरी है कि घर, आंगन, खेत, खलियान में समय-समय पर विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाए। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में एनवाईके के स्वयं सेवकों के साथ छात्राओं व शिक्षिकाओं ने आंवला, अमरूद, अनार, माल्टा, मौसमी, खुमानी, लीची आदि के पौधों का रोपण किया। उधर, अगस्त्यमुनि ब्लाक के तल्लानागपुर के जूनियर हाईस्कूल व प्राथमिक विद्यालय मदोला में भी पौधरोपण किया गया। इस मौके पर अगस्त्यमुनि के वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने स्कूली बच्चों से रोपित पौधों के संरक्षण का आह्वान भी किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक श्याम लाल भारती, वन दरोगा गोविंद सिंह, रणवीर सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह नेगी, शिक्षिका लक्ष्मी शाह मौजूद थी। ब्यूरो