रुद्रपुर की सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करने वाली कानपुर निवासी दिव्यांग महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल पुलिस हार्ट अटैक को महिला की मौत का कारण मान रही है।
मूल रूप से शास्त्री नगर कानपुर यूपी की रहने वाली 45 वर्षीय मीरा झा सिडकुल सेक्टर तीन स्थित एक दवा फैक्ट्री में बतौर हेल्पर काम करती थी। मीरा को फैक्ट्री प्रबंधन ने रहने के लिए परिसर में ही कमरा दिया था। उनके साथ एक सहयोगी चंद्रप्रभा भी रहती हैं। कुछ समय पूर्व मीरा होली की छुट्टी लेकर कानपुर गई थी। वह शुक्रवार सुबह ही कानपुर से लौटकर फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए पहुंचीं। अन्य महिला कर्मचारियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे मीरा को चक्कर आया और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। फैक्ट्री प्रबंधन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मीरा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।