रुद्रप्रयाग। 29 अप्रैल से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा से पहले गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग को दुरुस्त करने के लिए अब रास्ते पर दिनरात कार्य किया जाएगा। साथ ही नेहरू पर्वतारोहण संस्थान को भी कुछ कार्य दिया जाएगा, जिससे यात्रा से पूर्व कार्य किए जा सके। डीएम ने ऊर्जा निगम को पैदल मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था और जलसंस्थान को पानी मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम मंगेश घिल्डियाल ने तकनीकी सलाहकार समिति व एसजीएस कंपनी के अधिकारियों के साथ गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भीमबली से रुद्रा प्वाइंट तक हो रहे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग की कटिंग, पुस्ता निर्माण, पत्थर बिछाने, मोड़ों का चौड़ीकरण सहित रास्ते की लंबाई और चौड़ाई की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर फीते से नाप भी कराई। उन्होंने ठेकेदारों को मजदूरों की संख्या बढ़ाने और 20 तक हरहाल में कार्य पूरा करने को कहा। डीएम ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व पैदल मार्ग को दुरुस्त कर दिया जाएगा। अब रात में भी रास्ते का सुधारीकरण कार्य किया जाएगा। ऊर्जा निगम व जलसंस्थान को रास्ते पर बिजली व पानी की उपलब्धता के लिए निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।