गुप्तकाशी। कालीमठ घाटी में दो माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता रसोई गैस के लिए गुप्तकाशी व ऊखीमठ की दौड़ भी लगा रहे हैं। बावजूद बैरंग लौटना पड़ रहा है।
ऊखीमठ ब्लॉक के कालीमठ, कविल्ठा, कोटमा, चौमाई, चिलौंड, ब्यूंखी, स्यांसू, कुणजेठी आदि गांवों के लिए इंडेन और भारत पेट्रोलियम द्वारा रसेाई गैस की आपूर्ति की जाती है, लेकिन जनवरी माह से इन दोनों एजेंसियों द्वारा कालीमठ, कोटमा और चौमासी प्वाइंट पर रसोई गैस का वितरण नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र के डेढ़ हजार से अधिक रसोई गैस धारक उपभोक्ता परेशान हैं। ग्राम प्रधान गीता राणा, शिवदेई आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश भट्ट, संदीप भट्ट, विजय राणा, अव्वल सिंह राणा आदि का कहना है कि एजेंसी कार्यालयों में कई बार संपर्क के बाद भी रसोई गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है। मनसूना व मद्महेश्वर घाटी में भी रसोई गैस का नियमित वितरण नहीं हो रहा है। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने बताया कि बीते कुछ समय से जिले में रसोई गैस की आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं हो पा रही है। एजेंसियों द्वारा प्लांट से ही सिलिंडर कम मिलने की बात कही जा रही है।