रुद्रप्रयाग। फिल्म निर्देशक महेश भट्ट ने अपनी पुत्री अभिनेत्री पूजा भट्ट के साथ शुक्रवार को केदारनाथ धाम के दर्शन किए। वे, धाम की सुंदरता, स्वच्छता और प्राकृतिक नजारों को देख अभिभूत हुए। सवा घंटा यहां बिताने के बाद वे अपनी टीम के साथ चमोली जिले के लिए रवाना हुए।
शुक्रवार को करीब ढाई बजे महेश भट्ट व पूजा भट्ट अन्य के साथ हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हुए आशीर्वाद लिया। पूजा भट्ट ने मंदिर परिसर में भगवान नंदी के कान में अपनी अगली फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद मंदिर मार्ग से होते हुए वे एमआई-26 हेलीपैड पर पहुंचे। यहां पिता-पुत्री ने केदारनाथ की शांत वादियों का दीदार किया। दोनों लोगों ने केदारनाथ में पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। पूजा भट्ट ने मंदिर क्षेत्र में रह रहे साधु-संतों से कुछ देर बातचीत करते हुए अपने मोबाइल पर उनका वीडियो भी बनाया।
शिव को आसपास महसूस किया: महेश
रुद्रप्रयाग। फिल्म निर्देशक महेश भट्ट ने कहा कि उन्होंने अभी तक सिर्फ किस्से-कहानियों में ही सुना था कि केदारनाथ में शिव का वास है, लेकिन अब यहां आकर महसूस किया कि भगवान आसपास हैं। यह दिव्य क्षेत्र मन को अलग ही शांति प्रदान करता है। ऐसा लग रहा है कि हम हमेशा से यहीं (केदारनाथ) थे। कुछ समय के लिए कहीं भटक गए हैं। अब, पुन: अपने घर लौट आए हैं। उन्होंने अपनी फिल्म सड़क-2 के बारे में बताया कि वे उत्तराखंड, विशेषकर पहाड़ में शूटिंग के लिए लोकेशन ढूंढने आए हैं। उनकी यह फिल्म पहाड़ों से जुड़ी है। इस फिल्म में संजय दत्त, पूजा भट्ट, आलिया भट्ट सहित अन्य कलाकार अभिनय कर रहे हैं। यह फिल्म वर्ष 1991 में रिलीज हुई फिल्म सड़क का सिक्वेल है।
केदारनाथ में दिख रहा स्वच्छ भारत मिशन : पूजा
रुद्रप्रयाग। अभिनेत्री व फिल्म निर्देशक पूजा भट्ट ने कहा कि देशभर में स्वच्छ भारत मिशन को लेकर जो कैंपेन चलाई जा रही है, उसका सुखद परिणाम केदारनाथ में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र स्वच्छ और सुंदर है। वे, दुबारा आएंगी।