अगस्त्यमुनि। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए डीएम मंगेश घिल्डियाल की पहल पर क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ सीडीओ डीआर जोशी ने किया। सीडीओ ने कहा कि बाबा केदार की यात्रा में बाजारों और पड़ावों पर स्थानीय उत्पादों से निर्मित खाद्य पदार्थों की बिक्री की जाएगी।
खेल मैदान में आयोजित क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में सीडीओ डीआर जोशी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़कर काश्तकारों की आर्थिकी को मजबूत करने की दिशा में यह सार्थक प्रयास है। इससे जहां यात्रियों को यहां के स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी मिलेगी, वहीं पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के प्रचार पर जोर दिया। इस दौरान कई होटल व्यवसायियों ने स्थानीय उत्पादों की मांग की। सम्मेलन में कृषि विभाग आत्मा परियोजना, उद्यान, पर्यटन, एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना, जीएमवीएन प्रबंधक, होटल व्यवसायी व विभिन्न स्वयं सहायता समूहों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर सीएओ एसएस वर्मा, डीएचओ योगेंद्र चौधरी, डा. केके मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, महावीर राणा, नरेंद्र रौथाण उद्योग महाप्रबंधक पीएस सजवाण आदि मौजूद थे।