ऊखीमठ। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर कुंड में स्व. महीधर प्रसाद मैठाणी स्मृति द्वार का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन व तीर्थाटन को रोजगारपरक बनाने के लिए योजना बनाई जा रही है। युवाओं को इस क्षेत्र में प्रोत्साहित किया जाएगा।
महाराज ने कहा कि कुछ लोग इतिहास पढ़ते हैं और कुछ लोग इतिहास बनाते हैं। इतिहास बनाने वालों को सदियों तक पीढ़ियां याद करती हैं, ऐसे ही लोगों में स्व. मैठाणी भी शामिल हैं। कहा कि मैठाणी के प्रयासों से केदारघाटी में 80 के दशक में नियमित यातायात सेवा बहाल हुई। पर्यटन मंत्री ने कहा कि महेश्वर घाटी एवं तुंगनाथ घाटी के कालीशिला, चोपता, देवरियाताल जैसे पर्यटक स्थलों तक पर्यटकों को पहुंचाने का कार्य कर रहे स्थानीय युवाओं की मदद की जाएगी। कहा कि कृषि पर्यटन व जड़ी-बूटी को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार चौतरफा विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। स्व. मैठाणी के पुत्र शक्ति प्रसाद मैठाणी, चंदबल्लभ मैठाणी, राम प्रसाद मैठाणी, कृष्ण बलदेव मैठाणी एवं पुत्री चंद्रकला सेमवाल ने अतिथियों का स्वागत कर आभार जताया। इस मौके पर तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम मंदिर का लकड़ी से बना प्रतीक चिह्न भी भेंट किया। विद्या मंदिर ऊखीमठ के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिला प्रभारी राजेंद्र अंथवाल, महामंत्री अजय सेमवाल, केदारनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष वेद प्रकाश सेमवाल, बाल आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंडी प्रसाद भट्ट, पूर्व प्रमुख ममता नौटियाल, व लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सत्येंद्र बर्त्वाल, अजीतपाल सिंह मौजूद थे।