कोतवाली क्षेत्र के हथियातल गांव में आपसी रंजिश के कारण एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक दो वर्षों से बाहर रहकर ईंट-भट्ठे पर काम करता था। घर लौटते समय रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेरकर गाली-गलौज की और जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में युवक को देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के हथियाथल निवासी माया ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा अजय दो साल से बाहर रहकर एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। बीते शनिवार शाम छह बजे जब अजय काम से घर लौट रहा था तभी रास्ते में गांव के ही जोनी और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि जोनी, उसकी पत्नी और बेटा परी ने अजय के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उन लोगों ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंची मां माया ने किसी तरह अपने बेटे की जान बचाई। माया का कहना है कि आरोपी पक्ष काफी समय से अजय के साथ रंजिश रख रहा है और पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका है। हमले के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता अपने घायल पुत्र को लेकर कोतवाली पहुंची। वहां से पुलिस ने उसे उपचार और मेडिकल के लिए भेजा। युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।