बुग्गावाला में रिश्ता टूटने से आहत होकर पानी की टंकी पर चढ़ा युवक। संवाद
क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में रविवार सुबह एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। बताया जा रहा है कि युवक रिश्ता टूटने के बाद से तनाव में था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवक को उसकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद वह टंकी से नीचे उतर आया।
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। युवक तनाव में था और शादी के मुद्दे को लेकर टंकी से कूदने का कदम उठाने की बात कर रहा था। पुलिस के समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इस तरह के कदम न उठाएं बल्कि परिवार और प्रशासन से मदद लें।