ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर जा रहा एक युवक अचानक गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को साथी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव मसाई कलां में निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डाली जा रही है। बृहस्पतिवार रात मसाई निवासी पंकज कुमार ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरकर ले जा रहा था। इस बीच वह रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। उसके साथी उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।